बुरहानपुर , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के आदिवासी विकासखंड धुलकोट में कमलखेड़ा मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार परिवार पर अचानक बबूल का पेड़ गिरने से छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए धुलकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम भावसा निवासी एक परिवार बाइक से परतकुंडिया जा रहा था। बाइक पर पप्पू, उसकी पत्नी पूजा, बेटी रुपाली और दो अन्य बच्चे सवार थे। कमलखेड़ा के पास अचानक बबूल का पेड़ मार्ग पर गिर गया, जिससे बाइक सवार परिवार उसके नीचे दब गया।
परिवार के सदस्यों के मदद के लिए चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में छह वर्षीय रुपाली की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धुलकोट चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित