भिण्ड , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर गुरुवार रात सड़क पर खड़ी गाय से मोटरसाइकिल टकराने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के बिरखड़ी गांव के पास हुआ।

हादसे में गोहद निवासी जितेंद्र जाटव (23), उनकी पत्नी अनीता (20) और उनकी मां रायसिंह (45) घायल हुई हैं। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। बिरखड़ी गांव के पास अंधेरे में सड़क पर खड़ी गाय दिखाई नहीं देने के कारण बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और तीनों सड़क पर घायल हो गए।

इसी दौरान प्रदेश सरकार के नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला अपने निजी वाहन से मेहगांव से ग्वालियर जा रहे थे। उन्होंने सड़क पर घायलों को देखा तो वाहन रुकवाकर तत्काल उनकी मदद की। मंत्री ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से संपर्क कर एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को गोहद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

श्री शुक्ला ने बताया कि ग्वालियर जाते समय उन्होंने तीन लोगों को सड़क पर घायल अवस्था में देखा। पास जाकर जानकारी मिली कि बाइक के गाय से टकराने के कारण हादसा हुआ है। उन्होंने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित