श्रीगंगानगर , मार्च 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने मंगलवार रात मोटरसाइकिल के हैंडल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चक 20 जीजी में जगमीतसिंह मजहबी सिख (38) का शव घर के बाहर खड़ी अपनी ही मोटरसाइकिल के हैंडल पर लगाए गए रस्सी के फंदे से बंधा हुआ मिला। उसके दोनों घुटने जमीन पर टिके हुए थे और गर्दन में फंदा कसा हुआ था।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (प्रशिक्षु आईपीएस) ज्ञानेंद्र भारती दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। आरंभ में मामला अत्यंत संदिग्ध लग रहा था, इसलिए उन्होंने तुरंत जिला मुख्यालय से फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम बुलाई। टीम ने गहन जांच की, साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया।
उन्होंने बताया कि जांच के अनुसार जगमीत सिंह ने रस्सी का एक सिरा अपने गले में कसकर बांधा, दूसरा सिरा मोटरसाइकिल के हैंडल से बांधा और घुटनों के बल बैठकर जोरदार झटका दिया। इससे उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई और उसकी तुरंत मौत हो गई। चिकित्सकाें ने भी पोस्टमार्टम में इसी तथ्य की पुष्टि करते हुए बताया कि गले की नाजुक हड्डी पर झटका लगने से मौत हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित