मोगा , जून 23 -- पंजाब सरकार ने शहरी सफाई व्यवस्था में लापरवाही के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मोगा नगर निगम आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिये हैं। यह कार्रवाई स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा मोगा शहर में किए गए औचक निरीक्षण के बाद की गयी है। श्री बैंस ने मंगलवार सुबह मोगा शहर का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में खुले में पड़े कूड़े के ढेर और गंदगी के कई मामले सामने आए, जो राज्य सरकार के 'मिशन क्लीन पंजाब' के मानकों के विपरीत पाये गये।
उन्होंने कहा कि सरकार की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब के लोगों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है तथा जिम्मेदारी निभाने में विफल अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा, "मोगा के निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि अभी कई कमियां दूर किये जाने की आवश्यकता है। हम लगातार निगरानी कर रहे हैं, खामियों को दूर कर रहे हैं और सफाई अभियान को और तेज कर रहे हैं। यही 'मिशन क्लीन पंजाब' का मूल उद्देश्य है।"उन्होंने बताया कि हाल ही में शुरू किये गये तकनीक आधारित 'मिशन क्लीन पंजाब' के तहत सभी नगर निकाय अधिकारियों, नगर निगम कमिश्नरों और कार्यकारी अधिकारियों के लिए प्रतिदिन सुबह सात से आठ बजे तक फील्ड विजिट करना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक शहर को 10 किलोमीटर के जोनों में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र की निगरानी के लिए अलग अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
श्री बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार का लक्ष्य केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं है। मिशन क्लीन पंजाब को प्रशासनिक हस्तक्षेप और जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई के माध्यम से लागू किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में पंजाब के विभिन्न शहरों में औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित