चंडीगढ़ , मई 21 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोगा के जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) के रीडर दविंदर पाल सिंह को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी मोगा जिले की धर्मकोट तहसील के गांव चक कनियां खुर्द निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गयी। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि उसके पुत्र का 13 एकड़ जमीन के बंटवारे से जुड़ा मामला डीआरओ मोगा की अदालत में लंबित था। आरोपी रीडर ने मामले का निपटारा पांच से छह महीने में करवाने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोपी ने 50 हजार रुपये अग्रिम और बाकी 50 हजार रुपये मामले के अंतिम निपटारे के बाद देने को कहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड भी कर ली थी।

शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के फिरोजपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित