मोगा , अक्टूबर 26 -- पंजाब के मोगा में अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम घर के बाहर बैठे चार युवकों पर हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

मृतकों की पहचान गगन जिंदल (30) और साहिल जिंदल (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7.15 बजे चारों युवक घर के बाहर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली काली एसयूवी में सवार होकर आए हमलावरों ने पहले उनसे किसी के बारे में पूछताछ की और फिर गोलियां चला दीं। गोली लगने से चारों युवक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गगन जिंदल को मृत घोषित कर दिया गया। साहिल जिंदल ने लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों का गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हमले के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल ने सोमवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित परिवार की ओर से कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं। पुलिस बयान दर्ज कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

इस घटना को लेकर विपक्षी नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा है। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि यदि लोग अपने घरों के बाहर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह सरकार और प्रशासन की बड़ी विफलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोलीबारी और हत्या की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन रहा है।

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा और रवनीत सिंह बिट्टू तथा शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी घटना को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित