गोपालगंज, सितंबर 08 -- िहार सरकार के निर्देशानुसार विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से नियमित रूप से विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।इसी क्रम में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार द्वारा मंगलवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल (उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय), सेमरा, थावे तथा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-02, पंचायत सेमरा और थावे का औचक निरीक्षण किया गया।
उप विकास आयुक्त द्वारा सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय विद्यालय समय पर संचालित पाया गया तथा छात्र-छात्राएं कक्षाओं में अध्ययनरत पाए गए।
विद्यालय में साफ-सफाई एवं समुचित प्रबंधन की स्थिति संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लास एवं ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है। विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित