पटना, जून 06 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शनिवार को कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं छात्र-केंद्रित बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है और नई योजना के तहत स्थापित किए जा रहे मॉडल विद्यालय प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर को बदल देंगे।

शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने कहा कि मॉडल विद्यालय केवल भौतिक आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि यहां विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, डिजिटल शिक्षण संसाधन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन विद्यालयों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक असमानता को कम करते हुए सभी को समान अवसर प्रदान करना है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार और नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है। मॉडल विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान, कौशल और प्रतिस्पर्धी क्षमताओं से सुसज्जित कर उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित