मैसूरु , जुलाई 15 -- कर्नाटक के मंत्री यतींद्र सिद्दारमैया ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक सरकार ने इस साल मैसूरु दशहरा समारोह के दौरान पारंपरिक कंबाला भैंसा दौड़ आयोजित करने का कोई फ़ैसला नहीं लिया है।

चामुंडी पहाड़ियों पर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर में 'आषाढ़ शुक्रवार' की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री यतींद्र ने कहा कि प्रस्ताव पर अभी भी चर्चा चल रही है और मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार पर्यावरण संबंधी चिंताओं एवं सरद से जुड़े मुद्दों सहित सभी पहलुओं की जांच करने के बाद ही अंतिम निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि कंबला कर्नाटक की सांस्कृतिक विरासत का एक अहम हिस्सा है लेकिन दशहरा उत्सव में इसे शामिल करने का अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।

उन्होंने कहा, "इसके फ़ायदे एवं नुकसान पर चर्चा चल रही है। मुख्यमंत्री ही अंतिम फ़ैसला लेंगे। सरकार ने अभी सिर्फ़ मैसूरु क्षेत्र में कंबला को बढ़ावा देने पर विचार किया है; इसे अभी अंतिम मंज़ूरी नहीं दी गयी है।"आषाढ़ के शुक्रवारों की व्यवस्थाओं के बारे में मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन कराने के लिए खास इंतज़ाम किये गये हैं। वीआईपी दर्शन के लिए एक समय निर्धारित किया गया है और वीआईपी लोगों को सुबह 9:30 बजे से पहले दर्शन पूरे करने होंगे। वीआईपी गाड़ियां महिषासुर प्रतिमा के पास खड़ी की जाएंगी और श्रद्धालुओं को मंदिर के वाहनों से मंदिर परिसर तक ले जाया जायेगा।

वीआईपी दर्शन के लिए 2,000 रुपये का टिकट शुल्क लेने के फ़ैसले का बचाव करते हुए श्री यतींद्र ने कहा कि इस कदम का मकसद आम जनता को होने वाली परेशानी को कम करना है। उन्होंने बताया कि पहले वाला 300 रुपये का टिकट शुल्क वापस ले लिया गया था।

उन्होंने कहा कि आषाढ़ के शुक्रवारों को मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुफ़्त परिवहन सुविधा, शौचालय और अन्य सुविधाओं का इंतज़ाम किया गया है। कैबिनेट विस्तार में "सूटकेस कल्चर" के विपक्ष के आरोपों को उन्होंने खारिज कर दिया और कहा कि कांग्रेस पार्टी में ऐसी प्रथाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा, "यह आरोप बेबुनियाद है कि पैसे के बदले मंत्री पद दिए जाते हैं। ऐसी संस्कृति सिर्फ़ विपक्षी पार्टियों में ही होती है।" उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि उन्हें कैबिनेट के प्रस्तावित विस्तार के बारे में कोई जानकारी नहीं है और वे (पत्रकार) मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और कांग्रेस नेता सिद्दारमैया से इस बारे में जानकारी लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित