गोरखपुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम गोरखपुर के बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और इस दौरान उन्होंने मैनपॉवर बढ़ाकर कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
योगी ने फोरलेन सड़क और इसके आसपास के गांवों की आबादी की जलनिकासी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क के किनारे बन रहे नाले की लेवलिंग का ध्यान रखें ताकि सड़क ही नहीं, आसपास के गांवों का पानी आसानी से इसके जरिये निकल जाए।
करीब 838.05 करोड़ रुपये की लागत वाली इस फोरलेन का निर्माण फरवरी 2025 में शुरू हुआ था। कुल 16.15 किमी की लंबाई वाले बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार फोरलेन सड़क का निर्माण कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-तीन द्वारा कराया जा रहा है।
योगी ने शनिवार को भटहट बांसस्थान फोरलेन सड़क का लोकार्पण करने के बाद गोरखनाथ मंदिर लौटते समय बालापार फोरलेन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ काम तेज करने के लिए मैनपॉवर बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री को बताया गया कि फोरलेन के समानांतर नाला भी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नाले के लेवल को सड़क के पानी और आसपास के गांवों के पानी को निकासी योग्य बनाने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित