मैनपुरी,03अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर किरकिच में आलोक शाक्य की हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार एक ही लड़की से बातचीत को लेकर उपजे विवाद में दोस्त ने ही दोस्त की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर खून से सनी कुल्हाड़ी और कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को सक्रिय किया गया था। डॉग स्क्वायड ने आरोपी के भागने के रास्ते की सटीक शिनाख्त की, जिससे पुलिस को जांच की सही दिशा मिली। तफ्तीश के दौरान पुलिस को सलेमपुर पढ़िना रोड पर सफलता मिली और घेराबंदी कर आरोपी नमन उर्फ नमो को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक आलोक और आरोपी नमन पुराने परिचित थे। दोनों के बीच एक युवती से बातचीत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आलोक को शक था कि नमन भी उसी युवती से संपर्क में है। इसी रंजिश को खत्म करने के लिए बुधवार रात आलोक ने नमन को खेत पर बने एक कमरे में बातचीत के लिए बुलाया था।
कमरे के भीतर बातचीत शुरू तो हुई, लेकिन जल्द ही कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आवेश में आकर नमन ने पास ही रखी कुल्हाड़ी उठाई और आलोक पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार इतना जबरदस्त था कि आलोक को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हमले में आलोक की मौके पर ही मौत हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित