मैनपुरी , अक्टूबर 26 -- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मैनपुरी में आयोजित समारोह में 308 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 285 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों से और 23 अल्पसंख्यक जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार कराया गया। समारोह में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नवदंपत्तियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल देने के साथ सामाजिक समरसता और सर्वधर्म सद्भाव को बढ़ावा दे रही है। सरकार बिना भेदभाव पात्र परिवारों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
मंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए कर्ज लेना पड़ता था। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को राहत मिल रही है। योजना के तहत नववधू के बैंक खाते में 60 हजार रुपये की धनराशि अंतरित की जा रही है। इसके अलावा नवदंपत्तियों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक उपहार सामग्री भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह आयोजन दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और दहेजमुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना में जाति, धर्म और पंथ के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि समारोह में सभी 308 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित