मैनपुरी , फरवरी 9 -- मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र में ग्राम सहारा निवासी राजेश सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस सेवा की महिला स्वास्थ्य कर्मी नूतन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगांव में भर्ती कराया।

नूतन ने प्राथमिक उपचार करते हुए ब्लीडिंग कंट्रोल किया और स्पाइन सेफ्टी सुनिश्चित की। लखनऊ सेंटर के डॉक्टर के साथ टेली-कंसल्टेशन कर चिकित्सकीय सलाह लेने के बाद घायल का सुरक्षित स्थानांतरण किया गया। इस दौरान नूतन ने महिला सशक्तिकरण का भी उदाहरण पेश किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता और जिला प्रबंधक अभिषेक ने इस साहसिक कार्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि जनपद में संचालित 108 और 102 की कुल 51 एंबुलेंस सेवाएँ जनमानस की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए एंबुलेंस पायलट भूपेंद्र और ईएमटी नूतन को सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

स्थानीय नागरिकों ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की। घटना ने आपातकालीन सेवाओं की दक्षता और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण को उजागर किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित