मैनपुरी , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में कुरावली-भोगांव मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार सर्राफ की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, कुंवरपुर मोहल्ला निवासी सुनील कुमार (40) बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक से घर लौट रहे थे। स्वराज देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के सामने ओवरटेक करने के दौरान डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को शुरुआत में मृतक की पहचान करने में कठिनाई हुई। बाद में उनके बैग से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई।
बताया गया कि सुनील पेशे से सर्राफ थे और पिछले कुछ दिनों से अपनी बहन के घर रह रहे थे। हादसे के समय वहां से गुजर रहे पूर्व सदर विधायक राजकुमार यादव उर्फ राजू ने डंपर का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित