मैनपुरी , मार्च 17 -- मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में मृतक ध्रुव सिंह चौहान (50) और उनकी पत्नी संतोषी (45) मूल रूप से नगरिया गांव, तहसील भरथना जनपद इटावा के निवासी थे। ध्रुव सिंह अपने परिवार के साथ सूरत में साड़ी प्रिंटिंग का काम करते थे और करीब दो महीने पहले नया मकान बनवाने के लिए गांव आए थे।

मंगलवार सुबह वह अपनी बहन के घर अलीगंज जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान किशनी कस्बे के पास एक बेकाबू डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने एक अन्य डंपर को रोककर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह और पुलिस बल को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने परिजनों के आने तक शव उठाने से इंकार कर दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। मृतक दंपति के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे के समय सभी बच्चे सूरत में थे। फरार डंपर की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित