मैनपुरी , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम बघिरुआ निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रविवार को तीनों का अंतिम संस्कार एक साथ किए जाने पर गांव का माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम दिखी।

पुलिस के अनुसार वरुण उर्फ शिवम यादव अपनी पत्नी प्रियंका, बेटे आर्यन और साली मोना के साथ नगला राधे (फिरोजाबाद) से लौट रहे थे। शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर अरावं बाईपास के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में वरुण, उनकी गर्भवती पत्नी प्रियंका और मासूम बेटे आर्यन की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना में घायल साली मोना का उपचार फिरोजाबाद के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिए, जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया। बताया गया कि प्रियंका आठ माह की गर्भवती थीं और वरुण अपनी पांच बहनों के इकलौते भाई थे।

रविवार को गांव में एक साथ तीन चिताएं जलती देख लोगों की आंखें नम हो गईं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ब्लॉक प्रमुख जागीर मुनेश चौहान ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। महज तीन वर्ष पहले शुरू हुआ यह परिवार एक ही पल में उजड़ गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित