मैनपुरी, सितम्बर 27 -- मैनपुरी में बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षामित्रों के चयन से संबंधित 2143 फाइलें गायब होने का मामला सामने आया है। जिले में कुल 2169 शिक्षामित्रों का चयन हुआ था, लेकिन वर्तमान में विभाग के पास केवल 26 फाइलें उपलब्ध हैं। कुछ शिक्षामित्रों के चयन से संबंधित मामले न्यायालय में लंबित हैं और कोर्ट ने चयन संबंधी फाइलें तलब की हैं। फाइलें उपलब्ध न होने से विभाग को न्यायालय में जवाब देने में कठिनाई हो रही है।
मामले में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारी रविप्रकाश ने सेवानिवृत्त पटल सहायक प्रदीप चौहान के विरुद्ध कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रदीप चौहान वर्ष 2010 से 2021 तक शिक्षामित्र पटल से जुड़े रहे और वर्ष 2021 में सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उन्हें फाइलों का लिखित प्रभार नहीं मिला था और उनके द्वारा तैयार 26 फाइलें विभाग को सौंप दी गई थीं।
बीएसए सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि विभागीय स्तर पर फाइलों के संबंध में पूर्व पटल सहायक को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित