मैनपुरी , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी।

पुलिस के अनुसार प्राथमिक विद्यालय उस्मानपुर से शिक्षण कार्य समाप्त कर मैनपुरी लौट रहे शिक्षक राकेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात दीवानपुर चौधरी पुल और अहिरवागंज के बीच नए हाईवे पर हुई।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक दोपहर करीब सवा दो बजे स्कूल से मैनपुरी लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से रूई सिनौरा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में डीएम आवास के पास रह रहे थे। शिक्षक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और मामले से संबंधित कार्रवाई शुरू की। पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित