मैनपुरी , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को सदर तहसील में तैनात एक लेखपाल को किसान से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुचेला क्षेत्र में तैनात लेखपाल अवध विहारी एक किसान से राजस्व संबंधी कार्य करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। इससे परेशान किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन कर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार किसान ने लेखपाल को रिश्वत की रकम दी, तभी सादे कपड़ों में मौजूद टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सदर तहसील परिसर में हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों और फरियादियों में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित