मैनपुरी , मार्च 10 -- मैनपुरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय लुटेरा गैंग का भंडाफोड़ करते हुए उसके दो शातिर सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट का माल भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में सुघल बाबू निवासी नरसिंहपुर थाना किशनी, जनपद मैनपुरी और विकास निवासी केलामऊ थाना बसरेहर, जनपद इटावा शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 26 फरवरी को किशनी क्षेत्र निवासी देवेंद्र के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार इस गैंग के सदस्य उत्तर प्रदेश के मैनपुरी, फिरोजाबाद और इटावा जिलों में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इसके अलावा गुजरात राज्य में भी इस गिरोह द्वारा लूट की बड़ी घटनाएं की गई हैं। हाल ही में इस गैंग ने किशनी, दन्नाहार, शिकोहाबाद और चौबिया (इटावा) थाना क्षेत्रों में लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम देकर सनसनी फैला दी थी।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम को बधाई दी है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से उनके अन्य साथियों और लूट के माल के बारे में पूछताछ कर रही है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित