मैनपुरी , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां 682 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 54.52 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 628.84 करोड़ रुपये की 46 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। योगी ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें पुलिस लाइन ट्रांजिट हॉस्टल के जी-8 आवास, नवीन राजकीय नलकूप परियोजनाएं, अग्निशमन केंद्र के आवासीय भवन, नहरों के पुनर्स्थापना कार्य, इंजीनियरिंग कॉलेज में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, विभिन्न ग्राम पेयजल योजनाएं, करहल दमकल केंद्र और घिरोर बस अड्डा का पुनर्निर्माण शामिल हैं।शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में मैनपुरी शहर के लिए दो लेन दक्षिणी बाईपास, अमृत 2.0 पेयजल योजनाएं, लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में सभागार एवं छात्रावास, स्पोर्ट्स स्टेडियम का इनडोर हॉल, डिजिटल पुस्तकालय, नवसृजित तहसील कुरावली के आवासीय भवन, राजकीय पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, आरसीसी सेतु तथा मोहकमपुर में मानस स्मारक मंदिर के पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना के एलपीजी कनेक्शन, टूलकिट, पोषण किट, स्कूल बैग और पाठ्यपुस्तकों का भी वितरण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित