मैनपुरी , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि रतनपुर किरकिच गांव निवासी आलोक शाक्य (22) पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह रात में अपने खेत के पास बने मकान में रखे आलू और भूसे की देखरेख के लिए गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। ग्रामवासियों के मुताबिक, रात में मकान से आवाजें सुनकर एक व्यक्ति ने गांव में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर देखा तो आलोक का शव पड़ा मिला, जबकि हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया है। बताया गया है कि आलोक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनका बड़ा भाई हरियाणा में नौकरी करता है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित