मैनपुरी , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में नवीगंज पुलिस चौकी परिसर में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और माल मुकदमों से जुड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में करीब 11 मोटरसाइकिलें और एक टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगते ही चौकी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों द्वारा प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए गए, लेकिन लपटें तेज होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और अन्य संपत्तियों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

चौकी प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि घटना के समय बिजली आपूर्ति सामान्य थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बंदरों के बिजली के तारों पर कूदने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित