मैनपुरी , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार शीतला देवी मंदिर के पास ईशन नदी के नए पुल पर यह भीषण सड़क हादसा हुआ। 45 वर्षीय धर्मेंद्र अपनी पत्नी बेबी (40) और साले संजय (38) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने ताऊ के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नए पुल पर पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, एसपी सिटी अरुण कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित