मैनपुरी , नवंबर 04 -- दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मैनपुरी जिले में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 12 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें नौ प्रतिष्ठानों को गुणवत्ता में सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए, जबकि तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मैनपुरी शहर के बृजवासी स्वीट हाउस, घिरोर के मंसाराम स्वीट हाउस और करहल के गीता स्वीट हाउस में जांच के दौरान मिठाइयों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल और गंदगी मिलने पर कार्रवाई की। टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने के साथ उन्हें बंद करने के आदेश जारी किए।
अभियान में आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी की संयुक्त टीम शामिल रही। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्वेता सैनी ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित