मैनपुरी , अप्रैल 14 -- डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर मैनपुरी में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजेश चन्द्र ने डॉ. आंबेडकर के चित्र का अनावरण, माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि समानता, न्याय और बंधुत्व पर आधारित समाज निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने विभिन्न देशों के संविधानों का अध्ययन कर उनकी श्रेष्ठ विशेषताओं को भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप अपनाया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में सामाजिक एवं आर्थिक समानता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से बिना भेदभाव पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बाबा साहेब के जीवन मूल्यों एवं आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित