मैनपुरी , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के जुन्हैसा गांव में सोमवार तड़के जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान वीरपाल (50) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रविवार रात वीरपाल घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। इसी दौरान गांव का पवन शाक्य अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और वीरपाल के सिर में गोली मार दी। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।

सोमवार सुबह करीब छह बजे परिजनों ने वीरपाल को खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी और थाना प्रभारी ललित भाटी पुलिस बल तथा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के पुत्र अश्वनी ने पवन शाक्य समेत कुछ अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और करीब एक माह पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।

एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित