मैनपुरी, सितंबर 27 -- मैनपुरी में कैंटीन में चोरी की शिकायत करने पहुंचे कर्मी से मारपीट के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कुरावली सचितानंद सिंह को सौंपी गई। जांच के बाद उपनिरीक्षक बिदित कुमार और सिपाही लकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कैंटीन कर्मी अजय के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उनका आरोप था कि चोरी की शिकायत करने पहुंचे अजय को ही हिरासत में लेकर चोरी कबूल करने का दबाव बनाया गया तथा बंद कमरे में कई पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की।
परिजनों ने 24 सितंबर को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। क्षेत्राधिकारी कुरावली के अनुसार मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित