मैनपुरी , जनवरी 30 -- मैनपुरी जिले के कोतवाली क्षेत्र में कर्ज से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने बैंक कर्मचारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
पुलिस के अनुसार शहर के स्टेशन रोड स्थित भांवत चौराहा के पास जनरल स्टोर चलाने वाले सुधीर ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगा ली। बताया गया कि युवक ने एक बैंक से होम लोन लिया था और किस्तों का भुगतान न कर पाने के कारण वह पिछले कुछ समय से तनाव में था।
परिजनों का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों द्वारा लगातार किस्त जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे सुधीर मानसिक रूप से परेशान हो गया। उन्होंने बैंक कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने राधारमन रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। परिजनों की मांग है कि संबंधित बैंक कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित