मैनपुरी , जून 24 -- मैनपुरी जिले की घिरोर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा लूटने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए ई-रिक्शा के पुर्जे, नकदी, मोबाइल फोन तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप उर्फ ऋषि निवासी ओरनमंडल और नव्यांश उर्फ बिट्टू निवासी भवानीपुर के रूप में हुई है जबकि गिरोह का तीसरा सदस्य देवा उर्फ जनवेद यादव फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों से ई-रिक्शा किराये पर बुक करते थे। इसके बाद चालक को सुनसान स्थान पर ले जाकर तमंचे के बल पर बंधक बना लेते थे और ई-रिक्शा लूट लेते थे। वारदात के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से लूटे गए ई-रिक्शा को निर्जन स्थानों पर ले जाकर उसके पुर्जे अलग-अलग कर बेच देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लिथियम बैटरियां, चार टायर-रिम, दो ई-रिक्शा की बॉडी, मोटर, धुरा, कमानी तथा ई-रिक्शा खोलने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये नकद, एक अवैध 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पिछले करीब डेढ़ माह के दौरान लूट और चोरी की चार घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य संभावित अपराधों और फरार आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित