मैनपुरी , अक्टूबर 27 -- मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को सरसों के टैंकर के पलट जाने से आग लग गयी। इस हादसे में चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार राजस्थान के अलवर से सरसों के तेल की बोतलें लेकर बिहार जा रहे एक ट्रक का अचानक अगला टायर फट गया। टायर फटने के कारण बेकाबू टैंकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गयी। इस दुर्घटना में ट्रक चालक अरशद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक मदद से निकालकर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। आग इतनी भयंकर थी कि एक्सप्रेस-वे पर गुजरने वाले अन्य वाहनों की रफ्तार थम गई, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात को नियंत्रित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की चार गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया, जिनकी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित