मैनपुरी, मई 28 -- मैनपुरी में नेताजी सुभाषचंद्र बोस फाउंडेशन द्वारा लावारिस शवों के अंतिम संस्कार करने का काम किया जा रहा है। जब अपने साथ छोड़ देते हैं,तब फाउंडेशन मानवता के नाम पर शवों के अंतिम संस्कार का काम करता है। फाउंडेशन ने जिला अस्पताल में दम तोड़ चुके अज्ञात व्यक्ति के शव का पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। यह संस्था द्वारा किया गया लगातार 59वां अज्ञात शव का अंतिम संस्कार है।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति खुद चलकर मैनपुरी जिला अस्पताल पहुंचा था, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन 72 घंटे बीत जाने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी और न ही कोई परिजन सामने आया।
इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था के सदस्य आगे आए और अज्ञात शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल अंतिम संस्कार करना नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देना है कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित