मैनपुरी, सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से नवनियुक्त 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों के चयन में मैनपुरी जिले को 10 ग्राम पंचायत अधिकारी मिले है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में 28 सितम्बर को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सभी को नियुक्त पत्र मिला।जिला पंचायत राज अधिकारी अमित कुमार त्यागी ने बताया कि मैनपुरी जिले में 8 पुरुष 2 महिला ग्राम पंचायत अधिकारी को नियुक्ति मिली है।अंकित कुमार,प्रद्दुम्म कुमार,रजत शाक्य,सतेंद्र कुमार,रोहित कुमार,उपेंद्र सिंह,रजनेश कुमार,अजय कुमार, श्रीमती दीक्षा सिंह एवं कु अर्पिता यादव को लख़नऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में नियुक्त पत्र मिले हैं।
उन्होंने बताया कि जिले को दस नए ग्राम पंचायत अधिकारी मिल जाने से ग्राम पंचायतों में विभागीय कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी आयेगी और कार्य गुणवत्तापूर्ण होंगे। अभी जिन पंचायत सचिवों पर दो-दो क्लस्टर हैं,और अधिक ग्राम पंचायतें आवंटित होने के कारण कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा,नए पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायतें आवंटित हो जाने पर विकास कार्य तेजी से हो सकेंगे।
पंचायत राज विभाग द्वारा प्रदेश में 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने से उनके परिवारों में ख़ुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में बेरोजगारों के नौकरी के दरवाजे खुले हैं,योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है। प्रदेश के नौजवानों के लिए सरकार का संदेश है कि सरकार नौजवानों के लिए काम कर रही है,और जो लोग मेहनत कर रहे हैं और परीक्षा में पास हो रहे हैं,उनको बिना-भेदभाव के पारदर्शी तरीके से नौकरी मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित