मैनपुरी , अगस्त 16 -- स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त से घर-घर से कूड़ा उठाने और कूड़ा संग्रहण केंद्रों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का शुभारंभ विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा कूड़ा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस पहल से ग्रामीणों को इधर-उधर कूड़ा फेंकने की समस्या से निजात मिलेगी।
घिरोर के मधन, करहल के नगला जात, किशनी के समान, सुल्तानगंज के आलीपुर पट्टी, बेबर के बनकिया, बरनाहल के साज हाजीपुर, कुरावली के देवीनगर और जागीर के रतनपुर वरा सहित कुल 90 चयनित ग्राम पंचायतों में यह अभियान शुरू हुआ है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस दौरान कहा कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट के कुशल प्रबंधन से न केवल गांव स्वच्छ और सुंदर बनेंगे, बल्कि ग्राम पंचायतों की आय में भी इजाफा होगा जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार बघेल ने बताया कि पहले चरण में 90 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है और आगामी चरणों में जिले की अन्य ग्राम पंचायतों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। नियमित कूड़ा उठान होने से गांवों को कूड़े के ढेरों और गंदे जलभराव से मुक्ति मिलेगी, जिससे जिले में स्वच्छता का दायरा और अधिक मजबूत होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित