अम्बिकापुर , फरवरी 15 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्राकृतिक सौंदर्य और शीतल वादियों के लिए प्रसिद्ध मैनपाट में आयोजित मैनपाट महोत्सव 2026 इस वर्ष व्यापक जनसहभागिता, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और विविध गतिविधियों के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक, खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक महोत्सव में शामिल होकर इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं।

महोत्सव में पहुंचे आगंतुकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आयोजन की भव्यता और जिला प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है और माहौल में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

महोत्सव में आयोजित दंगल प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों के बीच विशेष उत्साह पैदा किया है। दुर्ग जिले से पहुंचे दंगल पहलवान सतेंद्र निषाद ने कहा कि शहरों की तुलना में मैनपाट का प्राकृतिक वातावरण और शुद्ध ऑक्सीजन विशेष रूप से आकर्षित करता है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया।

पश्चिम बंगाल से पहली बार मैनपाट पहुंचे संजय घेठियाल ने कहा कि यहां मनोरंजन और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिला। बोटिंग, दंगल और मेले की आकर्षक व्यवस्थाओं ने महोत्सव को विशेष बना दिया है।

महोत्सव स्थल पर सजा भव्य मेला लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां देर शाम तक भारी भीड़ देखी जा रही है। स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों और हस्तशिल्प की स्टॉलों पर लोगों की विशेष रुचि रही। पर्यटकों ने बोटिंग का आनंद लेते हुए प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव किया। वहीं दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए दर्शकों में विशेष उत्साह एवं होड़ देखी गई।

मैनपाट महोत्सव 2026 की सुव्यवस्थित योजना, प्रभावी प्रबंधन और जनसहभागिता के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत, खेल प्रतिभाओं और पर्यटन को एक साथ प्रोत्साहित किया है। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का मंच है, बल्कि क्षेत्रीय विकास और सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम भी बना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित