सीहोर , मई 25 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के ग्राम पिपलिया मीरा में बीती देर रात एक पुरानी मैदा मिल में भीषण आग लगने से किसान के कृषि उपकरण, वाहन और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। घटना में लगभग 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव स्थित पुरानी मैदा मिल में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण क्षेत्र में दहशत फैल गई। जिस परिसर में आग लगी वहां वर्तमान में पनीर फैक्ट्री का गोदाम संचालित किया जा रहा था।

आगजनी की घटना में किसान प्रेम सिंह मेवाड़ा के कृषि उपकरण, फोर व्हीलर वाहन और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। परिसर के पास स्थित उनका ऑटो वाहन कुछ ही मिनटों में जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो गया। वहीं ट्रैक्टर उपकरण, कल्टीवेटर, मशीनरी और अन्य कृषि यंत्र भी आग की चपेट में आ गए।

सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के मकान और खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

पीड़ित किसान प्रेम सिंह मेवाड़ा ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे अचानक आग दिखाई दी और देखते ही देखते पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित