सीतापुर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सधना थाना क्षेत्र में गुरुवार को मैजिक वाहन और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सधना थाना क्षेत्र के गुजरेता गांव निवासी मनीष (22) अपने साथी कमल के साथ किसी कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा जा रहा था। इसी दौरान मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर ग्राम रालामऊ के निकट उनकी बाइक की सामने से आ रही एक मैजिक गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठे कमल को भी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल कमल का उपचार किया जा रहा है। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित