चंडीगढ़ , मई 09 -- हरियाणा में मोहाली के मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने एक दर्दनाक हादसे के बाद 39 वर्षीय महिला की कटी हुई चार उंगलियों को सफलतापूर्वक फिर से जोड़ दिया।
मोरिंडा निवासी सुरिंदरपाल कौर को तेजधार औजार से काम करते समय हाथ में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल लाया गया। उनके दाहिने हाथ का अंगूठा, तर्जनी, मध्यमा और अनामिका उंगली पूरी तरह कट गयी थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के साथ हड्डियां, मांसपेशियां और नसें भी क्षतिग्रस्त हो गयीं थी।
अस्पताल की आपातकालीन टीम ने तुरंत मरीज की हालत स्थिर की और कटे हुए अंगों को सुरक्षित रखा। इसके बाद डॉ ऋषि धवन के नेतृत्व में प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञों की टीम ने उंगलियों के प्रत्यारोपण का निर्णय लिया।
सर्जरी के दौरान उन्नत माइक्रोसर्जिकल तकनीकों की मदद से हड्डियों, टेंडन, नसों और रक्त वाहिकाओं को दोबारा जोड़ा गया, ताकि उंगलियों में रक्त प्रवाह और कार्यक्षमता बहाल की जा सके।
डॉ. धवन ने बताया कि कई उंगलियों का प्रत्यारोपण बेहद जटिल और समयबद्ध प्रक्रिया होती है। ऐसे मामलों में तुरंत चिकित्सा सहायता और विशेषज्ञ माइक्रोसर्जरी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद मरीज की उंगलियों में रक्त प्रवाह सामान्य हो गया है और रिकवरी के सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित