गोण्डा , जून 14 -- उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के दौरे पर आये प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को कहा है कि मैं पेपर लीक में शामिल नहीं हूं।
उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पेपरलीक के मामले में वह शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस मामले में शामिल होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और कार्रवाई भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस बार की परीक्षा बड़े ही सख्त और पहले में की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि राम मंदिर में कथित दान घोटाले की जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राममंदिर ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी गठित कर दी है जो दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने जिले की खस्ताहाल सड़कों, मेडिकल सुविधाओं एवं विद्युत लाइनों में तमाम खामियों के सवाल पर कहा कि वह जिला प्रशासन से बात करके इस पूरे मामले का समाधान शीघ्र करेंगे। उन्होंने मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल को गिनाते हुए सरकार की उपलब्धियां का बखान किया।
उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गयी अभद्र टिप्पणी के मामले पर कहा कि अदिति केवल अखिलेश की ही नहीं बल्कि सबकी बेटी है जिसकी सुरक्षा संग सभी महिलाओं की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित