उज्जैन , जनवरी 25 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज यहां कहा कि मैं दिव्यांग बच्चों के आत्मबल, साहस और दिव्यता से भरे संसार से जुड़ने आया हूं। बच्चों की सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास को देखकर अपार प्रसन्नता हो रही है।

डॉ यादव ने हामूखेड़ी शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ हायर सेकेंडरी विद्यालय में "हर क्षमता को उड़ान कार्यक्रम" में यह उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि आप सभी बच्चे ईश्वर के सबसे प्रिय और करीबी हैं।परमपिता परमेश्वर ने आपको दिव्य शक्तियों का भंडार दिया है। ईश्वर ने आपको अलग सामर्थ्य और संकल्प शक्ति दी है।

उन्होंने बच्चों को ढेर सारा स्नेह और आशीर्वाद देते हुए कहा कि ईश्वर हर बच्चे को किसी न किसी विशेष गुण के साथ इस धरती पर भेजता है। आज इन बच्चों द्वारा बनाई कलाकृतियों को देखकर मैं आश्चर्यचकित रह गया हूं। इन विशेष क्षमता वाले बच्चों को सहानुभूति नहीं, समान अवसर और प्रेम देकर इनमें छिपी प्रतिभा को पहचानकर, निखारकर और उड़ान दे।

डॉ यादव ने कहा कि परिवार, शिक्षक और शासन एक साथ कदम बढ़ाकर दिव्यांग बच्चों के पढ़ने और आगे बढ़ने का संकल्प पूरा कर रहे हैं। मैं यहां औपचारिक कार्यक्रम के लिए नहीं बल्कि इन प्यारे मासूमों बच्चों के आत्मबल, साहस और दिव्यता से भरे संसार से जुड़ने आया हूं। उन्होंने कहा की स्कूल कैंपस में पेंटिंग्स और विभिन्न उत्पादों में बच्चों की कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता झलक रही है। इस पल ने मुझे भावुक भी किया और छात्रों की कल्पनाशक्ति ने गर्व से भी भर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांग बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए विशेष ध्यान देकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने सभी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की बाबा श्री महाकाल से कामना की और सभी को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'मन की बात' का श्रवण भी हामूखेड़ी शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ हायर सेकेंडरी विद्यालय में छात्रों के साथ किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित