लखनऊ , मार्च 08 -- अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद साहस, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाली महिलाएं समाज की असली ताकत हैं।
उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग की महिलाओं में अपार क्षमता है और यदि उन्हें उचित अवसर और सहयोग मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। रविवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लागन उद्यमी महिला फाउंडेशन की ओर से लोलई गांव में महिला सम्मान एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्ग की उन महिलाओं को सम्मानित करना था, जो छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनते हुए अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डिंपल यादव ने लोलई और मल्हौर क्षेत्र की महिलाओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। डिंपल यादव ने इस सराहनीय पहल के लिए लागन उद्यमी महिला फाउंडेशन की पूरी टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम की आयोजक एवं फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने झांसी की रानी के साहस और संघर्ष का उदाहरण देते हुए महिलाओं को आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित