दुबई , मार्च 18 -- बंगलादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने एकदिवसीय क्रिकेट में तथा न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टी-20 मैचों शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा रैकिंग में बड़ी छलांग लगाई।

आईसीसी की ओर से बुधवार को जारी ताजा अपडेट के अनुसार बंगलादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज को उनकी हालिया बेहतरीन फॉर्म का इनाम मिला है। इस ऑलराउंडर ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई एकदिवसीय सीरीज में तीनों मैचों में कुल पांच विकेट लिए, जिससे टीम ने 2-1 से सीरीज जीत ली। इन शानदार प्रदर्शन की बदौलत मेहदी एकदिवसीय गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में नौ पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, 28 वर्षीय इस खिलाड़ी ने एकदिवसीय ऑलराउंडरों की अपडेटेड सूची में दो पायदान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया।

एकदिवसीय रैंकिंग में न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज डेरिल मिचेल 840 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। भारत के विराट कोहली 791 की रेटिंग के साथ दूसरे, अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 756 की रेटिंग के साथ तीसरे, भारत के ही रोहित शर्मा की रेटिंग 748 की है और वे नंबर 4 पर अभी मौजूद हैं। भारतीय टीम के एकदिवसीय शुभमन गिल 716 की रेटिंग के साथ नंबर 5 पर हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम 684 की रेटिंग के साथ नंबर 6 पर हैं। वेस्टइंडीज के शे होप 679 की रेटिंग के साथ नंबर 7 पर हैं। आयरलैंड के हैरी ट्रेक्टर 679 रेटिंग अंक साथ नंबर सात पर ही हैं। भारत के केएल राहुल 664 की रेटिंग के साथ नंबर 9 पर हैं। अब उन्हीं की बराबरी पर पाकिस्तान के सलमान अली आगा भी आ गए हैं। सलमान अली आगा एकदिवसीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में नौ पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर पहुंच गए, और एकदिवसीय ऑलराउंडरों की सूची में तीन पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, कप्तान शाहीन अफरीदी ने गेंद के साथ कुछ अच्छे प्रदर्शनों के बाद ऑलराउंडरों की सूची में चार पायदान की छलांग लगाकर संयुक्त रूप से 25वां स्थान हासिल किया।

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर को अपने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई पांच मैचों टी-20 की सीरीज के पहले दो मैचों में किए गए अच्छे प्रदर्शनों का इनाम मिला। सैंटनर हाल ही में हुए टी-20 विश्वकप के दौरान न्यूजीलैंड के लिये लगातार सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने अपनी इस फॉर्म को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में भी जारी रखा, जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए और 35 रन बनाए। इस तरह, तीन मैच बाकी रहते हुए सीरीज 1-1 से बराबर हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित