जालंधर , जून 06 -- पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए की गयी कार्रवाई के दौरान घायल हुए आरोपी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी।
पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तारी के प्रयास के समय आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था, जिसके बाद आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने शनिवार को बताया कि पांच जून को थाना मेहतपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर अमन सैनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के प्रयास सहित कई मामलों में वांछित आरोपी लवप्रीत सिंह उर्फ लाभा अपने घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रात करीब 7:30 बजे गांव बंगीवाल स्थित आरोपी के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार, लवप्रीत सिंह पुलिस को देखकर भागने लगा और उसे पकड़ने की कोशिश के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई करने लगा।
पुलिस का आरोप है कि शोर सुनकर आरोपी की मां कुलदीप कौर, बहन गगनदीप कौर उर्फ गगन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गये तथा लाठियों और अन्य हथियारों से पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली गयी और एक एएसआई की वर्दी भी फाड़ दी गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, हमले के दौरान आरोपी और उसके साथियों ने एक पुलिसकर्मी पर तेजधार हथियारों से हमला किया, जबकि भीड़ में मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली भी चलाई। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी ने पहले हवाई फायर किया, लेकिन हमलावर पीछे नहीं हटे। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के लिए दो गोलियां चलाई गईं। इनमें से एक गोली लवप्रीत सिंह की जांघ में लगी।
घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास भी कथित तौर पर परिजनों द्वारा बाधित किया गया। बाद में गांव के गणमान्य लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।
इस संबंध में थाना मेहतपुर में आरोपी की मां कुलदीप कौर, बहन गगनदीप कौर, मृतक लवप्रीत सिंह उर्फ लाभा और चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट और पंजाब पुलिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच विनीत अहलावत की निगरानी में की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मृतक लवप्रीत सिंह उर्फ लाभा के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित कई मामले दर्ज थे। उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी नशा तस्करी, चोरी और अन्य मामलों में केस दर्ज बताये गये हैं। पुलिस ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित