चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को नूंह जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय में मेवात विकास बोर्ड की 32वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सिंचाई, सीवरेज, कौशल विकास और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 30 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की वार्षिक कार्य योजना को मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद नूंह को आकांक्षी जिला कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इसके तहत नीति आयोग ने अब तक 36.20 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि नूंह युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

शिक्षा क्षेत्र के लिए 10.06 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इनमें सरकारी स्कूलों में दोहरी डेस्क, 20 स्कूलों में एसटीईएम प्रयोगशालाएं, छात्रवृत्ति और कोचिंग जैसी योजनाएं शामिल हैं। पिंगवान स्टेडियम के जीर्णोद्धार और नूंह के पुराने न्यायालय परिसर में सार्वजनिक उद्यान के विकास पर करीब 4.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेवात क्षेत्र के युवाओं को सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इसमें एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग, सीईटी और बैंकिंग परीक्षाएं शामिल होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित