कोटा , मई 28 -- राजस्थान में पश्चिम-मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने 27 मई को मेल/ एक्सप्रेस गाड़ियों के संचालन में शत-प्रतिशत समयपालन अर्जित करते हुए भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि इस वित्त वर्ष में तीसरी बार हासिल की गयी है, जो मंडल की उत्कृष्ट परिचालन क्षमता, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बुधवार को बताया कि इससे पूर्व चार मई एवं पांच मई को भी कोटा मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इनमें चार मई को भी मंडल ने भारतीय रेलवे के समस्त मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने बताया कि मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 10 बार और वित्त वर्ष 2024-25 में आठ बार शत-प्रतिशत समयपालन का रिकॉर्ड बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित