भोपाल , अगस्त 23 -- ट्रेन संख्या 12975 मैसूर-जयपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री के चलती ट्रेन से गिरने की घटना में मेल ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को सुरक्षित रुकवाकर घायल यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12975 मैसूर-जयपुर एक्सप्रेस 23 अगस्त को इटारसी स्टेशन से शाम 5:23 बजे रवाना होने के बाद आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में यात्रा कर रहे यात्री रामवीर कोहली ट्रेन के दरवाजे से गिर गए।

घटना को मेल ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे ने देख लिया और तत्काल ट्रेन का प्रेशर ड्रॉप कराकर गाड़ी रुकवाई। इसके बाद उन्होंने यात्रियों की सहायता से घायल यात्री को उठाया। गिरने के बाद घिसटने से यात्री के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई थीं और कई स्थानों से रक्तस्राव हो रहा था। उसके हाथ की दो उंगलियों के नाखून भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।

श्री चौबे ने बिना समय गंवाए घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिया और घटना की सूचना पंक्चुअलिटी एवं कमर्शियल कंट्रोल को दी। घायल यात्री को ट्रेन के ब्रेक वैन में सुरक्षित रखा गया। साथ ही भोपाल स्टेशन पर यात्री के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने के लिए भी सूचना दी गई, ताकि स्टेशन पहुंचते ही उसे आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सके। मेल ट्रेन मैनेजर रोमेश चौबे की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा से घायल यात्री को समय पर सहायता एवं प्राथमिक उपचार मिल सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित