ओरेगन (अमेरिका) , जुलाई 05 -- प्रीफॉन्टेन क्लासिक 2026 में शनिवार को युवा स्प्रिंटर टेट टेलर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 200 मीटर तथा मेलिसा जेसरसन ने महिलाओं की 100 मीटर की दौड़ जीती।
हेवर्ड फील्ड स्टेडियम में हुए मुकाबले में अमेरिकी धावक टेलर ने सबको चौंकाते हुए बोत्सवाना के लेत्सिले तेबोगो को पछाड़ कर पुरुषों की 200 मीटर दौड़ 19.75 सेकंड में जीती। उन्होंने पेरिस 2024 ओलंपिक चैंपियन की कड़ी चुनौती का सामना करते हुए आखिरी कुछ मीटर में बढ़त बनाए रखी। वे केमैन आइलैंड्स के जैडेन रीड के 19.63 सेकंड के वर्ल्ड लीड (सबसे तेज़ समय) से सिर्फ़ 0.02 सेकंड पीछे रहे।
तेबोगो 19.93 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि ज़िम्बाब्वे के ओलंपियन मकानाकाइशे चारंबा ने हेवर्ड फील्ड में 20.11 सेकंड के साथ टॉप तीन में जगह बनाई। 50 मीटर के निशान तक चौथे स्थान पर रहने के बाद, टेलर ने रेस के बीच में अच्छी गति पकड़ी और दूसरे स्थान पर आ गए। इसके बाद, रेस खत्म होने से 60 मीटर से भी कम दूरी बाकी रहते हुए उन्होंने जमैका के ब्रायन लेवेल को पीछे छोड़ दिया, जो शुरुआत में आगे चल रहे थे। लेवेल शुरुआत में रेस पर नियंत्रण बनाए हुए लग रहे थे, लेकिन बाद में पिछड़कर 20.20 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर आ गए। तेबोगो ने अमेरिका के इस उभरते हुए स्टार को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अंत में वे उतनी गति नहीं जुटा पाए।
दिन में महिलाओं की 100 मीटर फ़ाइनल रेस में अमेरिका की स्प्रिंटर मेलिसा जेफरसन-वुडन और शा'कैरी रिचर्डसन के बीच सिर्फ़ एक सेकंड के सौवें हिस्से का फ़र्क था। फिनिश लाइन पर शरीर को आगे झुकाने (लीन) की वजह से जेफरसन-वुडन 10.78 सेकंड के समय के साथ विजेता बनीं, जबकि रिचर्डसन 10.79 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
एक साथ ट्रेनिंग करने वाली ये दोनों बेहतरीन स्प्रिंटर पूरी रेस के दौरान बराबरी पर रहीं। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन जेफरसन-वुडन ने बेहतर शुरुआत की, लेकिन रिचर्डसन ने बराबरी कर ली। रिचर्डसन फ़िनिश के समय अपनी तेजी नहीं दिखा पाईं, जिससे जेफरसन-वुडन ने फिनिश लाइन पर मामूली बढ़त बना ली। फोटो फिनिश से जेफरसन-वुडन की जीत की पुष्टि हुई।
उन्होंने जश्न में अपने हाथ ऊपर उठाए, जबकि रिचर्डसन ने हाथ हिलाकर हेवर्ड फ़ील्ड में मौजूद दर्शकों का अभिवादन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित