जैसलमेर , जुलाई 17 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कार्यकर्ताओं का नेता को सदन तक पहुंचाने में बड़ा योगदान बताते हुए कहा है कि अगर नेता के वजूद से कार्यकर्ताओं को हटा दिया जाये तो बिना कार्यकर्ताओं के उसका वजूद शून्य है।

श्री शेखावत शुक्रवार को यहां भाजपा की जिला बैठक में स्पष्ट कहा कि वह तीन बार का सांसद और केन्द्र सरकार का तीन बार का मंत्री होने के नाते पूरी ईमानदारी से स्वीकारते हैं कि उनके जीवन में से अगर कार्यकर्ताओं को हटा दिया जाये तो उनक वजूद शून्य है। उन्होंने राजस्थान विधानसभा के 75 साल के अमृत महोत्सव के एक प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि अक्सर नेता चुनाव में कार्यकर्ताओं के कंधों पर बैठकर सदन तक पहुंचते हैं, लेकिन वहां पहुंचने के बाद कई बार साथी और सारथी का संबंध समाप्त हो जाता है। उन्होंने कहा, " हम जनप्रतिनिधियों की यह बड़ी जिम्मेदारी है कि हम अपनी व्यक्तिगत आकांक्षाओं, अपेक्षाओं, इच्छाओं और व्यक्तिगत पसंद से ऊपर उठकर पार्टी के दायित्ववान कार्यकर्ता का मान-सम्मान हर हाल में बनाये रखें।"कांग्रेस और भाजपा की कार्यप्रणाली का अंतर बताते हुए श्री शेखावत ने कहा कि कांग्रेस के फॉर्मूले में लाभ केवल उनके निश्चित मतदाताओं और बस्तियों तक ही पहुंचता था। इसलिए उन्हें प्रचार की जरूरत नहीं पड़ती थी, लेकिन भाजपा की व्यवस्था में बिना किसी भेदभाव के सबका काम हो रहा है। हर पंचायत में गरीबों के घर बराबर बन रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे जनता और बुजुर्गों के बीच जाकर इस विकास की चर्चा करें।

उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज और नगर निकाय के चुनाव आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव का सेमी फाइनल होने वाले हैं। उच्च न्यायालय के आदेश से चुनावों की तिथियां कभी भी आ सकती हैं। इसलिए हमारे पास एक महीने का समय नहीं है। अगले सात दिनों के भीतर एक विशेष अभियान चलाकर हर हाल में सभी बूथों का गठन पूरा किया जाये। हमें धरातल पर बूथों का ऑडिट करने की आवश्यकता है, जहां भी किसी प्रकार की उदासीनता या निष्क्रियता दिख रही है। उसे समाप्त करें।

श्री शेखावत ने कहा कि गत पांच वर्षों के शासन में जैसलमेर की धरती पर जो कष्ट, शोषण और अनाचार था, उसे भूलना नहीं है। विपक्ष के मुकाबले हमारी सरकार और हमारे जनप्रतिनिधि हमेशा बेहतर हैं। इस डबल इंजन सरकार के दो पहिए जनता ने अपनी ताकत से बना दिये हैं। अब शेष दो पहिए-स्थानीय निकाय और पंचायती राज के चुनावों में जैसलमेर और पोकरण के हर क्षेत्र में भाजपा को यशस्वी बनाकर जोड़ने होंगे। इन चारों पहियों को मिलाकर हम विकास की इस 'फोर व्हील ड्राइव फॉर्च्यूनर' गाड़ी को पूरी ताकत से दौड़ाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित