चंडीगढ़ , जुलाई 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने उनके नाम से प्रसारित एक संदेश का खंडन करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार बेअदबी मामलों की जांच में अपनी विफलता छिपाने के लिए झूठा प्रचार कर रही है।

श्री सांपला ने गुरुवार को कहा कि एक राजनीतिक नियुक्ति वाले व्यक्ति द्वारा मीडिया में यह संदेश प्रसारित किया गया कि उन्होंने बेअदबी मामले में राज्यपाल को सौंपे गये ज्ञापन पर सुखबीर सिंह बादल के साथ हस्ताक्षर करने से इनकार किया है। उन्होंने इसदावे को पूरी तरह झूठा, निराधार और जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष दिये गये उनके बयान की जानकारी आम आदमी पार्टी सरकार में राजनीतिक नियुक्ति वाले व्यक्ति तक पहुंच रही है, तो यह बेहद गंभीर मामला है। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य सरकार बेअदबी, बहबल कलां और कोटकपूरा गोलीकांड जैसे संवेदनशील मामलों में भी राजनीतिक हस्तक्षेप कर रही है।

श्री सांपला ने सवाल उठाया कि जब पंजाब पुलिस के पास मीडिया को जानकारी देने के लिए अधिकृत अधिकारी और आधिकारिक व्यवस्था मौजूद है, तो फिर किसी राजनीतिक नियुक्त व्यक्ति द्वारा एसआईटी से जुड़े मामलों पर मीडिया को जानकारी क्यों दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि एसआईटी को कोई जानकारी साझा करनी है, तो वह केवल पुलिस के अधिकृत माध्यमों से ही की जानी चाहिए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में बेअदबी और बहबल कलां-कोटकपूरा गोलीकांड के दोषियों को सजा दिलाने में विफल रही पंजाब सरकार अब झूठे प्रचार और दुष्प्रचार का सहारा लेकर अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इस राजनीतिक खेल को समझ चुकी है और अब भी बेअदबी मामलों में वास्तविक न्याय का इंतजार कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित