सिरसा , अक्टूबर 04 -- हरियाणा के सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती से जुड़ा मामला उच्च शिक्षा में भर्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि आरक्षित वर्ग का अभ्यर्थी मेरिट के आधार पर सामान्य श्रेणी में चयन का पात्र है तो उसे उस अवसर से वंचित नहीं किया जा सकता।
कुमारी सैलजा ने कहा कि मामले में सामान्य श्रेणी में चयनित उम्मीदवार के 37.91 अंक थे, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के कुछ उम्मीदवार इससे अधिक अंक हासिल करने के बावजूद चयन से बाहर रह गए। योग्य युवाओं को अपने अधिकार के लिए अदालत की शरण लेनी पड़े, यह गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को भर्ती प्रक्रिया में संवैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों की भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा होनी चाहिए, ताकि भविष्य में आरक्षित वर्ग के योग्य उम्मीदवारों को अपने अधिकार के लिए अदालत का दरवाजा न खटखटाना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित